श्याम बिहारी जायसवाल की पहल से कृषक परिवारों को लाभ

Shyam Bihari Jaiswal's initiative benefits farmer families

खड़गवां ब्लॉक में खुलेंगे तीन नए धान उपार्जन केंद्र, किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

रायपुर । मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खड़गवां विकासखंड के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मनेंद्रगढ़ के स्थानीय विधायक और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रयासों से छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए खड़गवां ब्लॉक में तीन नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति प्रदान कर दी है। ये केंद्र उधनापुर, कदरेवा और देवाडांड में स्थापित किए जाएंगे।

नए केंद्र खुलने से क्षेत्र के किसानों को धान बेचने के लिए अब दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। उन्हें अपने घर के नजदीक ही धान बिक्री की सुविधा मिल सकेगी, जिससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी। शासन के आदेश में केंद्रों पर कंप्यूटर, बायोमेट्रिक सत्यापन उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, इंटरनेट कनेक्टिविटी सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल स्वयं एक कृषक परिवार से ताल्लुक रखते हैं और खेती-किसानी से जुड़े रहे हैं। एक किसान होने के नाते वे किसानों की समस्याओं और जरूरतों को बेहद करीब से समझते हैं, यही वजह है कि वे क्षेत्र के किसानों के हित में लगातार काम करते रहे हैं। कृषक परिवार से जुड़ाव होने के कारण वे किसानों के काफी करीब माने जाते हैं और उनकी बेहतरी के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं।

इस पहल के लिए क्षेत्र के स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया है। वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने इन तीनों नए धान उपार्जन केंद्रों की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार प्रकट किया है।

Exit mobile version