मध्यप्रदेश

दिल दहला देने वाली वारदात: 60 वर्षीय महिला की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी

Shocking incident: The discovery of the decapitated body of a 60-year-old woman created a sensation in the area.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा :- रीवा में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। बिछिया थाना क्षेत्र के लोही गांव में एक 60 वर्षीय महिला की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का धड़ घर के पीछे खेत में मिला है जबकि सिर गायब है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
रीवा शहर के बिछिया थाना क्षेत्र के लोही गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब गांव में रहने वाली 60 वर्षीय लीलावती पटेल की सिर कटी लाश उसके घर के पीछे खेत में मिली। बताया जा रहा है कि महिला घर पर अकेली रहती थी। दोपहर करीब एक बजे पड़ोस की एक महिला उसे बुलाने घर पहुंची, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह पीछे खेत की ओर गई। वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। खेत में लीलावती पटेल का सिर कटा धड़ पड़ा था, जबकि सिर मौके से गायब था। महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह चौहान सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने महिला के धड़ को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेज दिया है। ग्रामीणों के मुताबिक हत्या से पहले महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी और उसके दोनों हाथ भी तोड़े गए थे। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी गई और आरोपी उसका सिर काटकर अपने साथ ले गए।
 बेटी सुनीता पटेल ने बताया “मुझे गांव के लोगों ने फोन करके बताया कि मां की हत्या हो गई है। मां घर पर अकेली रहती थीं और मजदूरी करके अपना जीवन यापन करती थीं। किसी से उनका कोई विवाद नहीं था।”
पुलिस अब इस जघन्य हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी हुई है। साथ ही घटनास्थल के आसपास महिला के कटे हुए सिर की भी तलाश की जा रही है। पुलिस गांव के लोगों से पूछताछ कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
मीडिया से बात में एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान – “लोही गांव में रहने वाली एक वृद्ध महिला का शव उसके घर के पीछे खेत में मिला है। महिला का धड़ बरामद हुआ है जबकि सिर गायब है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है। जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।”
फिलहाल इस सनसनीखेज हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button