जिला संवाददाता मुंगेली
माखन सिंह
लोकेशन लोरमी
लोरमी। ग्राम पंचायत डिंडौरी में सात नग भैंसा मवेशियों की चोरी का मामला सामने आया है। इस मामले में पीड़िता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए चौकी प्रभारी पर लापरवाही और कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़िता का आरोप है कि चौकी प्रभारी डिंडौरी मनक धुर्वे ने उसे सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक पुलिस चौकी में बैठाए रखा, लेकिन मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पीड़िता का कहना है कि चौकी प्रभारी ने कथित तौर पर आरोपियों से “खानापूर्ति” कर कार्रवाई नहीं करने की बात कही थी।
मामले की जानकारी जब स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा मीडिया को दी गई, तब यह मामला सार्वजनिक हुआ। इसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और जांच प्रक्रिया को तेज किया गया।
इस संबंध में चिल्फी थाना प्रभारी रघुबीर लाल चंद्रा ने बताया कि मामले में दो संदिग्ध व्यक्तियों महेश बंजारे, संतराम ग्राम नवागांव दयाली के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है और पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मवेशी चोरी के इस मामले ने क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ती मवेशी चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की आवश्यकता है। वहीं, पीड़ित पक्ष निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।