मौत से पहले मां को भेजा भावुक संदेश

Sent an emotional message to mother before death

रायपुर। ‘I am sorry मां, बहुत दुख दिया उसके लिए। जिंदगी से हार गया, माफ कर देना।’ मां को यह मैसेज भेजने के कुछ ही देर बाद मांढ़र शराब दुकान के सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा ने रविवार (15 नवंबर) को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला सितलतरा थाना क्षेत्र

आत्महत्या से पहले प्रशांत वर्मा ने पत्नी को भी मैसेज भेजा था, जिसमें उसने अपने साथ में काम करने वाले दो कर्मचारी यशवंत साहू और सुनील मोहले को मौत के लिए जिम्मेदार बताया था। जबकि प्रशांत की मां राजेश्वरी वर्मा का कहना है कि अधिकारी पैसे के लिए दबाव बना रहे थे।

मां गहने बेचकर पैसे जुटाने रायपुर आई थी

दरअसल, मांढ़र शराब दुकान के सुपरवाइजर प्रशांत वर्मा ने 15 नवंबर को अपने घर में आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से कुछ देर पहले उसने मां और पत्नी को मैसेज भेजा था।

इसमें अपने साथ काम करने वाले यशवंत साहू और सुनील मोहले को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया था। अब प्रशांत की मां राजेश्वरी वर्मा ने आरोप लगाया है कि दफ्तर के हिसाब में गड़बड़ी बताकर बेटे पर पूरी रकम जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था।

इसी वजह से प्रशांत ने मां से पैसों का इंतजाम करने को कहा था। जिस दिन उसने आत्महत्या की, उस दिन भी मां गहने बेचकर और कर्ज लेकर रकम जुटाने सिलतरा से रायपुर आई थी।

हिसाब में गड़बड़ी बताकर पैसे जमा करने का दबाव

राजेश्वरी ने बताया कि प्रशांत करीब डेढ़ साल से शराब दुकान में काम कर रहा था। इससे पहले उसे कभी इस तरह की परेशानी नहीं हुई थी।

हाल ही में दफ्तर के हिसाब में गड़बड़ी आने की बात कहकर उस पर रकम जमा करने का दबाव बनाया जाने लगा था।

‘सुपरवाइजर हो तो पैसा तुम्हें ही भरना पड़ेगा’

राजेश्वरी के मुताबिक, प्रशांत ने बताया था कि प्रभारी अधिकारी उससे पूरी रकम जमा करने के लिए कह रहे हैं। अधिकारी का कहना था कि जब वह सुपरवाइजर है तो हिसाब में आई गड़बड़ी की रकम भी उसे ही भरनी पड़ेगी। मां ने बताया कि ट्रांसफर के बाद से काम का दबाव भी बढ़ गया था।

‘दो कर्मचारी चोरी कर रहे थे, उनके नाम भी लिखे’

राजेश्वरी के मुताबिक, प्रशांत ने आखिरी मैसेज में यशवंत साहू और सुनील मोहले के नाम लिखे थे। बेटे ने उन्हें बताया था कि दोनों कर्मचारी कुछ दिनों से चोरी कर रहे थे और उनका दूसरी जगह ट्रांसफर हो गया था।

मां का आरोप है कि नए अधिकारी के आने के बाद से प्रशांत को परेशान किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि बेटा कहता था कि नए साहू सर मुझे बहुत परेशान कर रहे हैं। मैं आखिर पैसे का इंतजाम कैसे करूं? हम गहने बेचने और कर्ज लेने तक गए थे।

‘उम्मीद नहीं थी की सुसाइड करेगा’

राजेश्वरी ने कहा कि बेटे ने पहले कभी इस तरह की परेशानी या कोई गलत कदम उठाने की बात नहीं कही थी। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि वह ऐसा कदम उठा लेगा।

भाई को भी बताई थी दफ्तर में दबाव बनाने की बात

प्रशांत ने अपनी परेशानी भाई को भी बताई थी। मुलाकात के दौरान उसने दफ्तर में बनाए जा रहे दबाव और विभागीय अधिकारी के बारे में बताया था। प्रशांत की मौत के बाद परिवार इन आरोपों की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों और संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

Exit mobile version