रीवा में सनसनीखेज वारदात: लापता बकरी व्यापारी की हत्या कर जंगल में दफनाया शव, बौलिया घाट में मिला शव

Sensational incident in Rewa: Missing goat trader murdered and body buried in the forest; corpse discovered at Bauliya Ghat.

लोकेशन – रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

शुक्रवार सुबह घर से बकरी खरीदने निकले 60 वर्षीय लख्खू चिकवा का शनिवार को मिला शव, झाड़ियों के बीच खड़ी मिली गाड़ी, नाले के पास दफन था शव; हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

रीवा। जिले के तराई अंचल में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। अतरैला थाना क्षेत्र के चौखण्डी गांव से शुक्रवार सुबह बकरी खरीदने निकले 60 वर्षीय व्यापारी लख्खू चिकवा का शव शनिवार को बौलिया घाट के जंगल में जमीन के भीतर दफन मिला। व्यापारी की हत्या कर शव छिपाने की आशंका है। घटनास्थल पर उनकी गाड़ी भी लावारिस हालत में मिली। वारदात की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

 

सुबह घर से निकले, रात तक नहीं लौटी कोई खबर

 

जानकारी के मुताबिक चौखण्डी निवासी लख्खू चिकवा बकरी खरीदने-बेचने का व्यवसाय करते थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे वह अपनी गाड़ी लेकर घर से निकले थे। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से आसपास के गांवों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन की गई। कोई सुराग नहीं मिलने पर अतरैला पुलिस को सूचना दी गई। रात में भी ग्रामीणों ने टॉर्च की रोशनी में तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।

 

टूटी झाड़ियों के बीच मिली गाड़ी, ताजी मिट्टी ने बढ़ाया शक

 

शनिवार सुबह परिजन और ग्रामीण चांद-कुरौली मार्ग स्थित बौलिया घाट के जंगल पहुंचे। मुख्य सड़क से कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते के पास टूटी हुई झाड़ियां दिखाई दीं। अंदर जाकर देखा तो लख्खू चिकवा की गाड़ी लावारिस हालत में खड़ी थी। इसके बाद ग्रामीणों की टीम जंगल के भीतर तलाश करते हुए नाले के पास पहुंची। वहां मिट्टी खुदी और दोबारा भरी हुई दिखाई दी। संदेह होने पर पुलिस को सूचना दी गई।

 

खुदाई में निकला लापता व्यापारी का शव

 

सूचना मिलते ही अतरैला थाना प्रभारी विजय सिंह परिहार और डभौरा एसडीओपी नारायण सिंह कुम्हरे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। संदिग्ध स्थान की जांच और खुदाई के दौरान जमीन के भीतर दफन शव बरामद हुआ। उसकी पहचान लापता व्यापारी लख्खू चिकवा के रूप में हुई। घटनास्थल पर फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

हत्या के पीछे लूट या पुरानी रंजिश? पुलिस के सामने कई सवाल

 

इस वारदात के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 60 वर्षीय व्यापारी की हत्या किसने और किस वजह से की? क्या वारदात के पीछे लूटपाट का मकसद था या फिर कोई पुरानी रंजिश? व्यापारी घर से बकरी खरीदने निकले थे, लेकिन जंगल में उनकी गाड़ी और जमीन में दफन शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल हत्या की वजह और आरोपियों के संबंध में पुलिस की जांच जारी है।

 

तीन घंटे तक सड़क पर चक्काजाम, वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग

 

व्यापारी का शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने अकेला बाजार में चक्काजाम कर दिया। डभौरा, सिरमौर और रामबाग मार्ग पर करीब तीन घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचें और घटना के संबंध में उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाएं। सूचना पर तहसीलदार और एसडीओपी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाइश दिए जाने के बाद जाम समाप्त कराया गया।

 

अब पूरे मामले में पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की परिस्थितियों का खुलासा होने की उम्मीद है। बौलिया घाट के जंगल में आखिर लख्खू चिकवा के साथ क्या हुआ, इसका जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।

Exit mobile version