लोकेशन – रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
मऊगंज थाना क्षेत्र के घूरेहटा वार्ड क्रमांक 12 में गोकशी के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में एक बंद कमरे से गोवंश के अवशेष बरामद किए गए हैं। मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद शरीफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस की घेराबंदी से नाकाम हुई भागने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम ने वार्ड नंबर 12 में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी ने कमरे में ताला लगाकर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की घेराबंदी के चलते वह सफल नहीं हो सका और उसे हिरासत में ले लिया गया।
कमरे का ताला तोड़ते ही सामने आया मामला, पुलिस द्वारा कमरे का ताला तोड़ने पर अंदर गोवंश के अवशेष अलग-अलग हिस्सों में रखे मिले। मौके से भारी मात्रा में मांस और गोकशी में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किए गए। पुलिस ने पूरे घटनास्थल को सुरक्षित कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
इन धाराओं में मामला दर्ज.. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी मांस को बेचने और व्यक्तिगत उपयोग के लिए रखने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 325, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(i) तथा मध्य प्रदेश गोवंश प्रतिषेध अधिनियम 2004 की धारा 4, 5/9 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जांच जारी, नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस
जब्त किए गए मांस को परीक्षण हेतु पशु चिकित्सालय भेजा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में अन्य कोई व्यक्ति या नेटवर्क शामिल तो नहीं है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
