13 लाख की ठगी से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Sensation over ₹13 lakh fraud; police launch investigation.

रायपुर। छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर सलीम राज के नाम से वाट्सऐप मैसेज भेजकर अलग-अलग लोगों से 13 लाख रुपए ऑनलाइन ठग लिए गए। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉक्टर सलीम राज का मोबाइल साइबर ठगों ने हैक कर लिया। इसके बाद उनके वाट्सऐप को ऑपरेट करने लगे। साइबर ठगों ने उनके मोबाइल फोन के कॉन्टेक्ट लिस्ट में जितने भी नंबर थे, उनमें वाट्सऐप मैसेज भेजा। इसमें अस्पताल की इमरजेंसी बताकर किसी से 50 हजार, तो किसी से 1 लाख की मदद मांगी गई थी। चूंकि डॉक्टर सलीम का मोबाइल भी बंद था। इस कारण लोगों को साइबर ठग की ओर से उनके नाम से भेजे गए मैसेज पर यकीन हो गया। फिर उन्होंने ठगों द्वारा भेजे गए खातों में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करते गए। इस तरह कुल 13 लाख रुपए लोगों ने साइबर ठगों को दे दिया। बाद में डॉक्टर सलीम को मोबाइल हैक होने और मदद के नाम पर ठगों द्वारा पैसे मांगने का पता चला। इसके बाद उन्होंने लोगों से मोबाइल हैक होने की जानकारी देते हुए सतर्क रहने कहा था। डा. राज ने सिविल लाइन थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने कहा है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुट गई है।

Exit mobile version