छत्तीसगढ़

रायपुर में सनसनी: युवक ने अपने ही दोस्त को उतारा मौत के घाट

Sensation in Raipur: Young man kills his own friend

रायपुर। राजधानी रायपुर में गाड़ी रिपेयरिंग के पैसे नहीं देने पर एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला गंज थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार आरोपी चूना भट्ठी निवासी बिट्टू यादव (19) है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।

दरअसल, 5 मार्च की सुबह खारुन विहार स्थित रेलवे इंजीनियरिंग कॉलोनी के पीछे नाले के पास 25 वर्षीय युवक का शव मिला था। स्थानीय लोगों की सूचना पाकर पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान मृतक की पहचान चूना भट्ठी निवासी राजा साहू के रूप में हुई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि राजा सुबह करीब 8 बजे अपने एक परिचित के साथ घूमने निकला था। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और गंज पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।

फुटेज में बिट्टू यादव राजा को अपने साथ ले जाते नजर आया। बाद में घटनास्थल के पास भी उसकी मौजूदगी सामने आई। घेराबंदी कर पुलिस ने बिट्टू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि राजा और बिट्टू गहरे दोस्त थे। कुछ दिन पहले बिट्टू की गाड़ी में टूट-फूट हो गई थी। उसका खर्च बिट्टू राजा से मांग रहा था। बिट्टू का कहना था कि नुकसान राजा की वजह से हुआ था।

कई बार पैसे मांगने पर भी राजा ने रकम नहीं दी। गुरुवार सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई। गुस्से में आकर बिट्टू ने राजा पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल, पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button