रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम, थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने नशे के दुष्प्रभाव और सामाजिक जिम्मेदारियों पर किया संबोधित
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान के तहत शनिवार को थाना सेमरिया पुलिस ने सांदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेमरिया में छात्राओं के लिए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक रीवा के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करना था।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी शिवा अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, भविष्य और समाज पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, खेल, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपनाने का आह्वान किया तथा अपील की कि यदि कहीं नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार या नशे से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने बताया कि “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को जागरूक कर नशामुक्त प्रदेश का निर्माण करना है। इस दौरान छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव, साइबर माध्यमों से फैल रही गलत प्रवृत्तियों और सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं पुलिस स्टाफ की मौजूदगी में छात्राओं को नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया गया। छात्राओं ने स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
विद्यालय प्रबंधन ने सेमरिया पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस अधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित करने की बात कही।
