रीवा-प्रयागराज हाईवे पर यमराज बनी स्कॉर्पियो, कई लोगों को रौंदा — 4 की मौके पर मौत, 3 गंभीर

Scorpio turns Yamraj on Rewa-Prayagraj highway, crushes several people – 4 killed on the spot, 3 critical

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा से दिल दहला देने वाला सड़क हादसा, गुस्साए ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

रीवा। रविवार शाम रीवा जिले के गढ़ थाना क्षेत्र के तेंदुआ कोठार गांव में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कई लोगों को रौंदते हुए बिजली के खंभे से जा टकराई।

इस भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो छत्तीसगढ़ से प्रयागराज की ओर जा रही थी। जैसे ही वाहन तेंदुआ कोठार गांव के पास पहुंचा, तभी अचानक एक साइकिल सवार व्यक्ति सड़क पार करने लगा। तेज रफ्तार के कारण चालक ने नियंत्रण खो दिया और साइकिल सवार समेत आगे खड़े लोगों को कुचल दिया।

हादसे में रामनरेस साकेत, उनकी पत्नी रंजना साकेत, रूचि साकेत (12) — जो एक ही परिवार के थे — और एक अन्य व्यक्ति कमलेश सिंह (उत्तर प्रदेश निवासी) की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में से तीन को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आरोपी चालक व स्कॉर्पियो सवार मौके से फरार हो गए। हादसे की खबर मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और आक्रोश में आकर रीवा-प्रयागराज हाईवे जाम कर दिया गया। सूचना मिलने पर गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया गया।

कलेक्टर और एसपी पहुंचे अस्पताल

रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल और एसपी शैलेंद्र सिंह ने संजय गांधी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। कलेक्टर ने बताया कि मृतकों के परिवार को रेडक्रॉस से 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की गई है।

घटना की जांच जारी है और पुलिस फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Exit mobile version