“स्कूल बस ने 2 साल की मासूम को रौंदा, मौत के बाद मानपुर में चक्काजाम”

School bus runs over 2-year-old child; road blockade in Manpur following the death.

मानपुर: मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मानपुर विकासखंड के घोटिया गांव में बुधवार सुबह निजी स्कूल की बस की चपेट में आने से दो वर्षीय बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सवा आठ बजे की है। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एकटकन्हार-भर्रीटोला मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और स्कूल प्रबंधन को मौके पर बुलाने के साथ मृत बच्ची के स्वजन को पांच लाख रुपये मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए।

जानकारी के अनुसार, मानपुर स्थित फ्लावर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस रोज की तरह बच्चों को लेने घोटिया गांव पहुंची थी। गांव का एक व्यक्ति अपने बच्चे को बस में बैठाने पहुंचे थे। उनके पीछे उनकी करीब दो वर्षीय बेटी भी बस के पास आ गई। इसी दौरान चालक ने बस को रिवर्स किया और बच्ची चपेट में आ गई। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

घटना के बाद पुलिस ने स्कूल बस को अपने कब्जे में लेकर खड़गांव थाना पहुंचा दिया है। घटनास्‍थल से फरार हुए आरोपित चालक मुजबिन खान ने मानपुर थाने पहुंचकर आत्‍मसमर्पण किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से चर्चा करते स्‍कूल प्रबंधन के प्रतिनिधि।

मुआवजे की मांग को लेकर डटे

ग्रामीणों ने एकटकन्हार से भर्रीटोला मार्ग पर सड़कजाम कर दिया। सूचना पर तहसीलदार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डीसी पटेल सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन की ओर से तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये देने की बात कही गई, लेकिन ग्रामीण इससे संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि स्कूल प्रबंधन के प्रतिनिधि मौके पर आएं और मृत बच्ची के परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा करें।

दो घंटे तक रहा जाम, तीखी बहस.. आखिर में मुआवजे का आश्‍वासन

ग्रामीणों और अधिकारियों के बीच करीब डेढ़ से दो घंटे तक बातचीत और तीखी बहस का दौर चलता रहा। इस दौरान दोनों ओर यात्री बसों सहित अन्य वाहन जाम में फंसे रहे और आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। बाद में स्कूल प्रबंधन की ओर से पहुंची प्रतिनिधि ने अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में दो माह के भीतर मृत बच्ची के परिवार को पांच लाख रुपये देने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया और मार्ग पर आवागमन बहाल हो सका।

Exit mobile version