सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा ने 15 नवंबर 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र की प्रमुख उत्पादन इकाइयों का दौरा कर परिचालन गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कार्मिकों से संवाद किया तथा सुरक्षित एवं सुचारू परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
उन्होंने सिंटर प्लांट-3 में विभागीय अधिकारियों के साथ परिचालन प्रक्रियाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ‘लाइन ऑफ फायर’ से संबंधित संभावित जोखिमों के प्रति सजगता बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कार्मिकों को चलती मशीनों, उपकरणों तथा जोखिमपूर्ण गतिविधियों के प्रभाव क्षेत्र से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और कार्य के दौरान निर्धारित सुरक्षा सावधानियों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ‘मेरा क्षेत्र, मेरी जिम्मेदारी’ के सिद्धांत को कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाने की आवश्यकता भी रेखांकित की। इसके पश्चात उन्होंने सिंटर प्लांट-3 की कन्वेयर प्रणाली का निरीक्षण किया।
अपने दौरे के क्रम में डॉ. पंडा ने स्टील मेल्टिंग शॉप-2 एवं यूनिवर्सल रेल मिल का भी निरीक्षण किया। स्टील मेल्टिंग शॉप-2 में उन्होंने बेहतर हाउसकीपिंग तथा स्लैब एवं ब्लूम भंडारण क्षेत्र में ‘मेरा क्षेत्र, मेरी जिम्मेदारी’ की भावना के अनुरूप कार्य करने पर विशेष बल दिया।
यूनिवर्सल रेल मिल में कार्मिकों को संबोधित करते हुए डॉ. पंडा ने सुरक्षा एवं उपकरणों के बेहतर रखरखाव को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि सुरक्षा प्रत्येक कार्मिक के लिए महत्वपूर्ण है और यह सुनिश्चित करना आवश्यक है कि प्रत्येक व्यक्ति कार्यस्थल से सुरक्षित अपने घर लौटे। उन्होंने टीम भावना के साथ कार्य करने तथा निर्धारित एसओपी का पालन करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने संपूर्ण कार्यप्रक्रिया के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सतर्कता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया।
इस अवसर पर संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र ने कहा कि कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कार्मिक में सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए असुरक्षित परिस्थितियों की समय रहते पहचान कर उनके निराकरण तथा सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने में प्रौद्योगिकी के समुचित उपयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया।
यूनिवर्सल रेल मिल के भ्रमण के दौरान डॉ. पंडा ने एलओटीओ (लॉकआउट-टैगआउट) सुरक्षा प्रणाली के क्रियान्वयन की भी जानकारी ली। इस प्रणाली के तहत अनुरक्षण कार्य प्रारंभ करने से पहले विद्युत एवं यांत्रिक ऊर्जा स्रोतों को सुरक्षित रूप से अलग किया जाता है, ताकि उपकरणों के अनायास चालू होने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने प्रस्तावित डिजिटल एलओटीओ प्रणाली के क्रियान्वयन की योजना की भी जानकारी प्राप्त की। इस प्रणाली के माध्यम से कार्यों की निगरानी, अभिलेखों का संधारण एवं उपलब्धता, जियो-फेंसिंग तथा निर्धारित सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुपालन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। साथ ही, इससे कार्यों के निष्पादन में जवाबदेही सुनिश्चित करने और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
भ्रमण के दौरान सेल अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक के साथ निदेशक प्रभारी श्री चित्तरंजन महापात्र, कार्यपालक निदेशकगण एवं संयंत्र के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे। भ्रमण के समापन पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
