राहगीर को रोककर चाकू से 5 वार, लूटकांड का खुलासा

Robbery case solved: Passerby stopped and stabbed five times.

रायपुर। रायपुर ग्रामीण के अभनपुर थाना क्षेत्र के मानिकचौरी में हुई हत्या और लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में विधि से संघर्षरत बालक समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू समेत अन्य सामग्री बरामद की है। मृतक की पहचान देवाराम साहू (48) पिता जुग राम साहू, निवासी ग्राम गातापार, स्थायी निवासी नायक बांधा अभनपुर के रूप में हुई है। वहीं आरोपियों का नाम वेदप्रकाश ध्रुव उर्फ धुनु और छबी जांगड़े बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, घटना 4 सितंबर की रात करीब 1 बजे की है।

अब पढ़े क्या है पूरा मामला

रायपुर ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों ने बताया, कि आरोपी 4 सितंबर की रात को करीब 1 बजे दोनों बाइक से अभनपुर की ओर निकले। हसदा मोड़ के पास उन्हें एक व्यक्ति आता दिखाई दिया। आरोपियों ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उसे रोकने की कोशिश की। बाइक नहीं रोकने पर आरोपियों ने पीछा कर ओवरटेक करके उसे रोक लिया।

विरोध करने पर चाकू से कई वार

बातचीत के दौरान छबी जांगड़े ने देवाराम के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद वेदप्रकाश ने भी मारपीट करते हुए उसे पकड़ लिया। विरोध करने पर विधि से संघर्षरत बालक ने धारदार चाकू से देवाराम पर कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल होकर वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल और 1000 रुपए नकद लेकर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां देवाराम मृत अवस्था में मिला।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी पकड़े

पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने वारदात करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चाकू और अन्य सामग्री बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विधि से संघर्षरत बालक के खिलाफ पहले से 6 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह 12 अगस्त 2026 को राजिम थाने के एक मामले में जमानत पर बाहर आया था। अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया नया एंगल

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान मृतक देवाराम साहू की जुए की फड़ से संबद्धता की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस एंगल से भी मामले की जांच कर रही है कि कहीं हत्या के पीछे जुए से जुड़ा कोई विवाद तो नहीं था। हालांकि, अभी तक पुलिस ने इसे हत्या की वजह नहीं माना है और जांच जारी है।

हत्या में शामिल एक आरोपी फरार

पुलिस के मुताबिक, मामले में हत्या में शामिल एक आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और वारदात में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा

रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने बताया, कि घटना की जानकारी होने पर मामलें की जांच शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर नाबालिग सहित तीन आरोपियों को पकड़ा है। मामलें में एक आरोपी फरार है। केस की जांच जारी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरा खुलासा जल्द किया जाएगा।

Exit mobile version