छत्तीसगढ़

भिलाई इस्पात संयंत्र में वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान का आयोजन

Road safety awareness campaign organised by senior officials at Bhilai Steel Plant

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र में सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। वर्क्स क्षेत्र में आयोजित इस पहल का नेतृत्व कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार ने किया, जिसके साथ सभी मुख्य महाप्रबंधकगण तथा सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग (एसईडी) के वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस अभियान का आयोजन एमआरडी चौक से बोरीया गेट रोड तक प्रातः 08:30 बजे से 09:30 बजे तक किया गया। एक घंटे चले इस कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने सड़क पर चल रहे कर्मचारियों एवं वाहन चालकों को संयंत्र परिसर में सुरक्षित वाहन संचालन हेतु आवश्यक नियमों की जानकारी दी। प्रमुख रूप से दोपहिया एवं एलएमवी वाहनों की निर्धारित गति सीमा, रक्षात्मक ड्राइविंग, लेन अनुशासन, आईएसआई मार्क हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य उपयोग पर जोर दिया गया।
अभियान के दौरान पीए सिस्टम के माध्यम से लगातार सुरक्षा संदेश प्रसारित किए गए, जिनमें कर्मचारियों से संयंत्र परिसर में सावधानी, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ वाहन संचालन करने की अपील की गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने मार्ग में कर्मचारियों से सीधे संवाद करते हुए इस बात पर बल दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि बीएसपी एक सुरक्षित, अनुशासित एवं दुर्घटना-मुक्त कार्य वातावरण के लिए प्रतिबद्ध है, और इस प्रकार के जागरूकता अभियान सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button