बीच सड़क पर रोड रेज ने लिया खतरनाक मोड़, युवक पर जानलेवा हमला
Road rage takes a dangerous turn, youth attacked fatally

रायपुर। राजधानी राजपुर के अभनपुर इलाके में रोड रेज की घटना सामने आई है। अपनी बहन के लिए खाना लेकर जा रहे युवक के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। बीच सड़क पर गाली-गलौज और बाइक लहराने से मना करने पर आरोपियों ने कड़े से उस पर हमला कर दिया।
इस घटना में युवक घायल हो गया। शिकायत के बाद अभनपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पीड़ित का नाम महेश नवरंगे है।
पीड़ित महेश नवरंगे ने पुलिस को बताया कि वह वेल्डिंग मिस्त्री का काम करता है। 4 मार्च की दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपनी बहन मंजू साहू के लिए खाना लेकर सोनी मल्टी अस्पताल जा रहा था।फरिकार भवन के पास पहुंचने पर कुछ युवक बाइक को तेज गति से लहराते हुए और गाली-गलौज करते हुए गुजर रहे थे।
महेश ने हाथ देकर युवकों को रोका और सड़क पर इस तरह हंगामा करने से मना किया। इस बात पर आरोपी भड़क गए। तीनों युवकों ने उसे घेर लिया और कहा, “तुम कौन होते हो हमें रोकने वाले?” इसके बाद आरोपियों ने गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।
विरोध करने पर तीनों आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और कड़े से वार कर दिया। हमले में महेश की पीठ, कमर, मुंह और बाईं आंख के नीचे चोटें आई हैं। शोर मचने पर आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए बाइक से मौके से भाग गए।
पीड़ित की शिकायत के बाद अभनपुर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



