रीवा: एसपी गुरु करन सिंह ने किया पनवार थाना का वार्षिक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने दिए निर्देश

Rewa: SP Guru Karan Singh conducted the annual inspection of Panwar Police Station and issued instructions to improve arrangements.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को पनवार थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के संधारण, अपराध संबंधी रिकॉर्ड तथा पुलिस बल की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया।

एसपी ने थाना परिसर में साफ-सफाई, रिकॉर्ड के सुव्यवस्थित रख-रखाव और लंबित मामलों के समयबद्ध निराकरण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने थाना प्रभारी एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अपराध नियंत्रण की स्थिति, गंभीर मामलों की जांच की प्रगति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने तथा थाना संचालन में आवश्यक सुधार लाने के निर्देश दिए।

 

मीडिया से चर्चा करते हुए एसपी डॉ गुरु करन सिंह ने स्वीकार किया कि जिले में पुलिस बल की कमी है, लेकिन उपलब्ध संसाधनों के साथ बेहतर पुलिसिंग का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में आवश्यकतानुसार पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे।

 

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अनुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए बेहतर पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने पर बल दिया।

Exit mobile version