मध्यप्रदेश
रीवा के कॉमेडियन मनीष पटेल का वीडियो विवादों में, ब्राह्मण समाज में आक्रोश; FIR की मांग
Rewa comedian Manish Patel's video sparks controversy, anger among Brahmin community; FIR demanded

लोकेशन – रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा


रीवा। सोशल मीडिया पर अपनी देसी शैली और कॉमेडी वीडियो से पहचान बना चुके बघेली कलाकार मनीष पटेल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। इस बार मामला हल्के-फुल्के मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एक विशेष समाज की भावनाओं को आहत करने के आरोप से जुड़ गया है।
वैलेंटाइन डे (14 फरवरी) से ठीक पहले मनीष पटेल द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किया गया एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो का कथित शीर्षक ‘ब्राह्मण लड़की पटाने के बाद’ बताया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद ब्राह्मण समाज में नाराजगी और आक्रोश का माहौल बन गया है।
समाज के प्रबुद्धजनों और युवाओं का कहना है कि मनोरंजन के नाम पर किसी विशेष जाति या समाज, विशेषकर महिलाओं को निशाना बनाना न केवल अनुचित है, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द को भी ठेस पहुंचती है। लोगों का आरोप है कि इस तरह का कंटेंट समाज को बांटने वाला और भावनाओं को आहत करने वाला है।
सोशल मीडिया पर विरोध, माफी की मांग
विवाद बढ़ने के साथ ही सोशल मीडिया पर मनीष पटेल के खिलाफ तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। कई लोगों ने वीडियो हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
थाने पहुंचा मामला, FIR की मांग
मामले को लेकर ब्राह्मण समाज के लोग सिविल लाइन थाना पहुंचे, जहां उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई। समाज के लोगों ने न सिर्फ एफआईआर दर्ज करने की मांग की, बल्कि ऐसी सख्त कार्रवाई की मांग भी की है, जो भविष्य में दूसरों के लिए एक उदाहरण बने।
अब तक नहीं आई कलाकार की प्रतिक्रिया
फिलहाल इस पूरे विवाद पर मनीष पटेल की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि जिस तरह से विरोध लगातार तेज होता जा रहा है, उससे आने वाले दिनों में मामला और तूल पकड़ने की संभावना जताई जा रही है।



