रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदिहा के डोडी जंगल में आकाशीय बिजली गिरने से भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हरदिहा निवासी दादू कोल के बेटे राजन कोल और बेटी सविता कोल आज सुबह महुआ बीनने जंगल गए थे।
महुआ बीनने के दौरान अचानक तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश शुरू हो गई और इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने से दोनों उसकी चपेट में आ गए। वज्रपात इतना तेज था कि भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी साथ में मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही सेमरिया थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि सविता कोल की शादी इसी महीने की 30 तारीख को होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। खुशियों की तैयारी में जुटे परिवार पर अचानक दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
