रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) क महानदी भवन से जारी आदेश के तहत राज्य के पांच आईएएस (IAS) अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया गया है। इस फेरबदल में सबसे बड़ी गाज गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन पर गिरी है, जिन्हें महज दो महीने के भीतर ही उनके पद से हटा दिया गया है। बुधवार को राज्य सरकार ने आठ आईएसएस व राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों का तबादला किया था।
संतोष देवांगन भेजे गए मंत्रालय, विजय दयाराम नए GPM कलेक्टर
शासन द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन को हटाकर मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग में विशेष सचिव के पद पर पदस्थ किया गया है। बता दें कि देवांगन को दो महीने पहले ही जिले की कमान सौंपी गई थी। अब उनकी जगह तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. (IAS) को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
इन अधिकारियों की जिम्मेदारी भी बदली
महानदी भवन से जारी सूची में अन्य तीन प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया गया है:
हेमंत रमेश नंदनवार (IAS 2020): महासमुंद जिला पंचायत के सीईओ पद से हटाकर इन्हें अब संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही नंदनवार को छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (MD) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
सुमित अग्रवाल (IAS 2021): दुर्ग नगर निगम के कमिश्नर सुमित अग्रवाल को अब मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के पद पर तैनात किया गया है। वे इस पद से रिमिजियस एक्का (IAS 2011) को अतिरिक्त प्रभार से मुक्त करेंगे।
अनुपमा आनंद (IAS 2023): सरायपाली (महासमुंद) की एसडीएम अनुपमा आनंद को पदोन्नत करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत, महासमुंद के पद पर पदस्थ किया गया है।
