मध्यप्रदेश
पूरे जिले में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस. प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने किया … ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी
Republic Day was celebrated with great enthusiasm throughout the district. Minister in charge Prahlad Singh Patel hoisted the flag and took the salute at the parade.

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
एस.ए.एफ. मैदान में मुख्य समारोह, आकर्षक परेड, झांकियां व सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
रीवा जिले में 77वां गणतंत्र दिवस परम्परागत हर्ष, उल्लास और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिले भर में आन-बान-शान से तिरंगा लहराया। मुख्य जिला स्तरीय समारोह एस.ए.एफ. मैदान रीवा में आयोजित किया गया, जहां जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल (मंत्री ग्रामीण विकास एवं श्रम) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का वाचन किया।
मुख्य समारोह के साथ-साथ जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, नगर पंचायतों, जनपद पंचायतों एवं ग्राम पंचायतों में भी समारोहपूर्वक गणतंत्र दिवस मनाया गया।

आकर्षक परेड और सम्मान समारोह
जिला स्तरीय समारोह में प्रशिक्षु आईपीएस राजीव अग्रवाल के नेतृत्व में जिला पुलिस बल, महिला पुलिस, एनसीसी, जेल विभाग, एस.ए.एफ., स्काउट-गाइड, सैनिक स्कूल तथा नगर सेना के दलों ने अनुशासित एवं आकर्षक परेड प्रस्तुत की। इसके बाद मुख्य अतिथि द्वारा रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
मुख्य अतिथि ने परेड कमांडरों एवं प्लाटून कमांडरों से परिचय प्राप्त किया तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, शहीदों के परिजनों एवं लोकतंत्र के प्रहरियों को शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
उमादत्त उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गुरूकुल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने मनोहारी नृत्य एवं गीत प्रस्तुत किए। प्रस्तुतियों के माध्यम से जिले एवं प्रदेश के विकास कार्यों, सांस्कृतिक विरासत, सेना के शौर्य, ऑपरेशन सिंदूर, बसामन मामा में प्राकृतिक खेती प्रकल्प तथा ऐतिहासिक धरोहरों को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया गया।
स्वयंसेवी संस्था फेस ऑर्गनाइजेशन द्वारा हृदयाघात की स्थिति में प्राथमिक उपचार से प्राण रक्षा का जीवंत प्रदर्शन भी किया गया।
झांकियों में शासन की योजनाओं का प्रदर्शन
विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत झांकियों में शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को दर्शाया गया।
ग्रामीण विकास विभाग की झांकी में ड्रोन दीदी, प्रधानमंत्री आवास एवं ‘एक बगिया मां के नाम’; नगर निगम की झांकी में स्वच्छता अभियान, ई-व्हीकल से कचरा संग्रहण एवं जल शोधन संयंत्र; उद्योग विभाग में इन्वेस्टर्स समिट; महिला एवं बाल विकास विभाग में ‘गर्भ से गौरव तक’ महिला सशक्तिकरण; पीएचई विभाग में जल जीवन मिशन; पशुपालन विभाग में क्षीरधारा एवं कामधेनु योजना; जेल विभाग में गीता भवन एवं बंदी कल्याण; उद्यानिकी विभाग में फूलों की खेती; ट्राइबल विभाग में धरती आबा अभियान; शिक्षा विभाग में राम मंदिर में विग्रह स्थापना; कृषि विभाग में प्राकृतिक खेती तथा पुलिस विभाग की झांकी में यातायात एवं साइबर सुरक्षा को प्रदर्शित किया गया।
पुरस्कार वितरण के साथ समारोह का समापन
समारोह का समापन पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। परेड में सशस्त्र वर्ग में प्रथम स्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, द्वितीय जिला पुलिस बल (महिला) तथा तृतीय विशेष सशस्त्र बल नवीं वाहिनी को मिला।
बिना शस्त्र परेड में सीनियर गर्ल्स एनसीसी टीआरएस कॉलेज प्रथम, एनसीसी गर्ल्स सीनियर द्वितीय तथा एनसीसी बालक टीआरएस कॉलेज तृतीय स्थान पर रहे।
झांकियों में प्रथम केंद्रीय जेल रीवा, द्वितीय शिक्षा विभाग तथा संयुक्त रूप से तृतीय पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा ट्राइबल विभाग को मिला।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम स्थान गुरूकुल स्कूल, द्वितीय उमादत्त उमावि तथा तृतीय ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल को प्राप्त हुआ।
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
समारोह में सांसद श्री जनार्दन मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र गुप्ता, पूर्व महापौर राजेन्द्र ताम्रकार, कमिश्नर बी.एस. जामोद, आईजी गौरव सिंह राजपूत, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान सहित अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकारगण, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।



