मध्यप्रदेश

रीवा में बेलगाम रफ्तार का कहर, नगर निगम के कचरा वाहन की टक्कर से युवक की मौत, दो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे

Reckless speeding wreaks havoc in Rewa: Youth killed after being hit by a municipal garbage vehicle; two others battling for their lives.

रीवा मप्र रिपोर्टर – सुभाष मिश्रा 

रीवा में एक बार फिर तेज रफ्तार ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। रायपुर कर्चुलियान बाईपास पर नगर निगम के कचरा वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

रीवा के रायपुर कर्चुलियान बाईपास पर सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, नगर निगम का कचरा वाहन तेज रफ्तार से गुजर रहा था। इसी दौरान सड़क पार कर रहे बाइक सवार तीन युवक उसकी चपेट में आ गए।

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक कई फीट दूर जाकर गिरे। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना के बाद पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए नगर निगम के कचरा वाहन को जब्त कर लिया है। फिलहाल मृतक और दोनों घायलों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उनकी शिनाख्त कराने के साथ-साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है।

 

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और चालक की कथित लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

रीवा में लगातार बढ़ते सड़क हादसे यह सवाल जरूर खड़ा कर रहे हैं कि आखिर सड़कों पर दौड़ रहे भारी वाहनों की रफ्तार पर लगाम कब लगेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button