छत्तीसगढ़

वन परिक्षेत्र खुड़िया के नवागांव दयाली में हटाए गए अतिक्रमण पर फिर से निर्माण, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Re-construction on land cleared of encroachment in Nawagaon Dayali (Khudia Forest Range) sparks massive outrage among villagers.

नवागांव दयाली (वन परिक्षेत्र खुड़िया): वन परिक्षेत्र खुड़िया अंतर्गत ग्राम नवागांव दयाली में हटाए गए अतिक्रमण स्थल पर दोबारा निर्माण कार्य शुरू होने की सूचना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिन लोगों का अतिक्रमण हाल ही में हटाया गया था, वे फिर से उसी भूमि पर मकान निर्माण का प्रयास कर रहे हैं।

ग्रामीणों के अनुसार प्लॉट क्रमांक 492 एवं संबंधित कंपार्टमेंट क्षेत्र की भूमि पर कुछ व्यक्तियों द्वारा वर्षों से कथित रूप से अवैध कब्जा किया गया था, जिससे गांव के मवेशियों के लिए उपयोग होने वाला चारागाह क्षेत्र प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में कुछ दिन पूर्व प्रशासन एवं वन विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई थी।

हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि कार्रवाई के बाद भी कुछ कब्जाधारी दोबारा निर्माण कार्य में जुट गए हैं। इसको लेकर गांव की महिलाओं और पुरुषों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित व्यक्तियों के पास गांव में पहले से पर्याप्त आवासीय भूमि और मकान उपलब्ध हैं तथा वे भूमिहीन श्रेणी में नहीं आते। इसके बावजूद चारागाह और वन भूमि पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।

गांव के कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से आर्थिक लाभ लेकर अवैध कब्जे को बढ़ावा दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने वन विभाग एवं जिला प्रशासन से अतिक्रमण स्थल का निरीक्षण कर न्यायालय के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button