राठी का कैच या अंपायर की गलती? IPL मैच में मचा बवाल

Rathee's catch or umpire's error? IPL match sparks chaos

नई दिल्ली । कोलकाता के ईडन गार्डन्स में गुरुवार को खेले गए आईपीएल 2026 के 15वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को उनके घर में ही शिकस्त दी। हालांकि, इस रोमांचक मैच की चर्चा लखनऊ की जीत से ज्यादा दिग्वेश राठी के एक संदिग्ध कैच और मुकुल चौधरी की तूफानी बल्लेबाजी को लेकर हो रही है।
क्या अंपायर से हुई चूक?

मैच के दूसरे ही ओवर में विवाद की स्थिति तब पैदा हुई, जब कोलकाता के सलामी बल्लेबाज फिन एलन ने एक बड़ा शॉट खेला। गेंद बल्ले का किनारा लेकर थर्डमैन बाउंड्री की ओर गई, जहां दिग्वेश राठी ने दौड़ते हुए कैच लपक लिया।

रिप्ले में ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कैच पकड़ते समय राठी का पैर बाउंड्री लाइन को टच कर गया है। मामला तीसरे अंपायर के पास पहुंचा, जहां कई एंगल्स से जांच के बाद भी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं थी। आखिर में अंपायर ने बल्लेबाज को आउट करार दिया, जिससे फिन एलन को वापस पवेलियन जाना पड़ा।

इस दौरान कमेंट्री कर रहे आकाश चोपड़ा समेत कई विशेषज्ञों ने इस फैसले पर हैरानी जताई। चोपड़ा का मानना था कि इस मामले में राठी को खेल भावना दिखाते हुए सच बताना चाहिए था, क्योंकि खिलाड़ी को अक्सर पता होता है कि उसका पैर टच हुआ है या नहीं। सोशल मीडिया पर भी फैंस राठी की खेल भावना और तीसरे अंपायर के फैसले को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

मुकुल चौधरी का ‘सुपर’ शो

मैच की बात करें तो लखनऊ के बल्लेबाज मुकुल चौधरी की जादुई पारी ने मैच का रुख पलट दिया। कोलकाता के 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ एक समय संकट में था। 14.4 ओवरों में मात्र 126 रन पर 6 विकेट गिर जाने के बाद लखनऊ की हार तय लग रही थी। लेकिन मुकुल चौधरी ने मोर्चा संभाला और मात्र 27 गेंदों पर नाबाद 54 रनों की पारी खेली।

अपनी इस तूफानी पारी में उन्होंने 7 छक्के और 2 चौके जड़कर नामुमकिन लग रही जीत को लखनऊ की झोली में डाल दिया। मुकुल की इस विस्फोटक बल्लेबाजी ने अंततः लखनऊ को एक यादगार जीत दिलाई।

Exit mobile version