देश

राजनाथ ने विमान दुर्घटना में दो पायलट की मौत पर दुख व्यक्त किया

Rajnath Singh expressed grief over the death of two pilots in the plane crash.

नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वायु सेना के लड़ाकू विमान सुखोई की दुर्घटना में उसके दोनों पायलट की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए कहा है कि संकट की इस घड़ी में देश शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा है।

वायु सेना का लड़ाकू विमान सुखोई-30 गुरुवार को असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और इसमें सवार दोनों पायलटो की मौत हो गई थी ।

श्री सिंह ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में कहा, ” स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रवेश दुर्गाकर की त्रासदी पूर्ण हादसे में मौत से बहुत दुखी हूं । उनके साहस और राष्ट्र के प्रति सेवा को हमेशा गौरव और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं । संकट की इस घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।”

वायु सेना के प्रवक्ता ने सुबह विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में विमान के दोनों पायलटो स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट प्रवेश दुर्गाकर की मौत हो गई है।

प्रवक्ता ने कहा कि वायु सेना दुख और संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति शोक और संवेदना व्यक्त करती है।

उन्होंने कहा कि दुर्घटना जोरहाट से 60 किलोमीटर दूर हुई। दुर्घटना के तुरंत बाद से वायु सेना की ओर से व्यापक बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

इससे पहले वायु सेना ने गुरुवार देर रात बताया था कि एक सुखोई विमान के निर्धारित समय पर वापस नहीं पर आने पर खोज और बचाव अभियान शुरू किया गया था।

प्रवक्ता ने कहा था कि एक सुखोई लड़ाकू विमान के निर्धारित समय पर वापस नहीं आने की सूचना मिली है। इस विमान ने असम के जोरहाट हवाई अड्डे से नियमित प्रशिक्षण उड़ान भरी थी और इससे गुरुवार शाम सात बजकर 42 मिनट पर अंतिम बार संपर्क हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button