छत्तीसगढ़

रायपुर: गाय से टकराने के बाद कार की चपेट में युवक की मौत

Raipur: Youth dies after being hit by a car following a collision with a cow.

रायपुर । छत्तीसगढ़ के रायपुर में रविवार को सड़क पर खड़ी गाय से टकराकर बाइक सवार दो युवक नीचे गिर गए, जिन्हें सामने से आ रही कार ने कुचल दिया और भाग निकला। हादसे में करण नायक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल रोशन जगत आईसीयू में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

हाईकोर्ट ने मंगलवार को सड़क पर बैठे मवेशियों के चलते हो रही मौतों को लेकर पुलिस को फटकार लगाई थी। इस बीच हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मामला खम्हारडीह थाना इलाके के कछना के पास का है।

इस हादसे ने चंद्रशेखर नगर की गरीब बस्ती के 2 परिवारों की हंसती-खेलती दुनिया उजाड़ दी। 23 साल का करण नायक दो साल पहले अपनी गर्लफ्रेंड नंदिनी को शादी कर घर लाया था। अब वह अपनी सात महीने की प्रेग्नेंट पत्नी को हमेशा के लिए छोड़ गया।

घर के उस छोटे से कमरे में करण की कोई तस्वीर तक नहीं थी। जब टीम ने परिवार से उसकी तस्वीर मांगी, तो सब बेबसी से एक-दूसरे का मुंह देखने लगे। रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने की जद्दोजहद में कभी उसकी फोटो खिंचवाने का मौका ही नहीं मिला। तभी करण के एक दोस्त ने अपने मोबाइल में उसकी एक तस्वीर दिखाई।

तस्वीर देखते ही 15 साल की उम्र में पिता को खो चुके करण की बुजुर्ग मां कांपते हाथों से मोबाइल की स्क्रीन चूमने लगीं। सिसकियों के बीच उनके मुंह से बस इतना ही निकला- बेटा, इस फोटो को कभी डिलीट मत करना। मेरे पास तो अपने बच्चे की एक भी निशानी नहीं बची।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button