रायपुर पुलिस का ताबड़तोड़ वेरिफिकेशन ड्राइव

Raipur Police's intensive verification drive

रायपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को लेकर रायपुर ग्रामीण पुलिस ने सिलतरा थाना क्षेत्र में बड़े स्तर पर विशेष सत्यापन और जनसुरक्षा अभियान चलाया। अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में रहने वाले करीब 600 किरायेदारों और बाहरी श्रमिकों का सत्यापन किया गया।

वहीं 6 संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर उनसे पूछताछ की गई। उनके दस्तावेजों और पहचान संबंधी जानकारी का सत्यापन जारी है।

अब पढ़िए क्या है पूरा मामला
रायपुर ग्रामीण पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसटीएफ के नोडल अधिकारी अभिषेक झा और एसडीओपी (माना) लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में चलाया गया।

पुलिस टीम ने सांकरा स्थित जेके वीडियो हॉल परिसर में रहने वाले लगभग 600 किरायेदारों का भौतिक सत्यापन किया। इस दौरान पहचान पत्र, निवास संबंधी दस्तावेज और अन्य आवश्यक रिकॉर्ड की जांच कर जानकारी एकत्र की गई। औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले अन्य राज्यों के श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों का भी सत्यापन किया गया।

मकान मालिकों को सख्त हिदायत

अभियान के दौरान पुलिस ने मकान मालिकों और परिसर प्रबंधन को निर्देश दिए कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराए पर आवास न दें। साथ ही बाहरी व्यक्तियों के आने-जाने की सूचना समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया, ताकि कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल सके।

6 संदिग्धों से पूछताछ, जांच जारी

सत्यापन के दौरान 6 संदिग्ध व्यक्तियों के दस्तावेजों और गतिविधियों पर संदेह होने पर उनसे विस्तृत पूछताछ की गई। पुलिस ने आवश्यक जानकारी एकत्र कर वैधानिक प्रक्रिया के तहत जांच शुरू कर दी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि अपने यहां रहने वाले किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

 

Exit mobile version