रायपुर में मार्च की शुरुआत से ही बढ़ी गर्मी, 37 डिग्री पहुंचा तापमान
Raipur has been experiencing heat since the beginning of March, with temperatures reaching 37 degrees Celsius.

रायपुर : मार्च का पहला सप्ताह शुरू होते ही राजधानी रायपुर में गर्मी का असर तेज हो गया है। अभी गर्मी का मौसम (CG Weather Update) पूरी तरह से शुरू भी नहीं हुआ है, लेकिन तेज धूप और सूखे मौसम ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। रविवार को शहर में तेज धूप के कारण दिनभर गर्मी का असर साफ नजर आया और कई जगह सड़कों पर सामान्य से कम भीड़ दिखाई दी। लोग धूप से बचने के लिए छांव और ठंडी जगहों का सहारा लेते नजर आए। creat new रविवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य तापमान से 3.2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक रहा। तापमान में इस बढ़ोतरी के कारण शहर में दिन के साथ-साथ रातें भी अपेक्षाकृत ज्यादा गर्म महसूस की जा रही हैं। मौसम के इस बदलाव से लोगों को रात में भी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बिहार से झारखंड होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है। आमतौर पर ऐसी स्थिति में मौसम में बदलाव और बारिश की संभावना बनती है, लेकिन रायपुर में इसका कोई असर दिखाई नहीं दिया। शहर में रविवार को मौसम पूरी तरह से सूखा ही रहा। रविवार को दिन के समय हवा में नमी केवल 28 प्रतिशत दर्ज की गई, जिसके कारण वातावरण में खुश्क और चुभने वाली गर्मी का अहसास अधिक रहा। इसके साथ ही हवा की गति भी काफी धीमी रही और यह करीब दो किलोमीटर प्रति घंटा ही दर्ज की गई। कम नमी और धीमी हवा के कारण गर्मी का प्रभाव ज्यादा महसूस किया गया। पूरे प्रदेश में रायपुर में सबसे अधिक गर्मी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को रायपुर के आसमान में हल्की धुंध छाई रह सकती है। अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक मौसम इसी तरह गर्म और सूखा बना रह सकता है। फिलहाल बारिश या आंधी की कोई संभावना नहीं जताई गई है।


