रायपुर: आर्थिक विवाद ने लिया हिंसक मोड़, सौतेली मां पर चाकू से हमला

Raipur: Financial dispute turns violent; stepmother attacked with a knife.

रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र के सन्यासी पारा में शुक्रवार को पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अपनी सौतेली मां पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने महिला पर लगातार तीन वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया, जबकि घायल महिला को उपचार के लिए आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार आरोपित खुरांशु दास (21) अपने पिता, बहन और सौतेली मां डोमन दास के साथ रहता है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपित नशे का आदी है और अक्सर अपने पिता से पैसों की मांग करता था। परिवार में इसी बात को लेकर आए दिन विवाद भी होता था।

पिता ने पैसे देने से मना कर दिया

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उसने एक बार फिर अपने पिता से पैसों की मांग की। पिता ने पैसे देने से मना कर दिया, जिससे वह गुस्से में आ गया। जांच में यह बात भी सामने आई है कि खुरांशु को लंबे समय से यह गलतफहमी थी कि उसकी सौतेली मां उसके पिता को उसके खिलाफ भड़काती है। इसी वजह से वह उनसे नाराज रहता था।

बताया जा रहा है कि उसकी मां की मौत के बाद करीब 13 वर्ष पहले डोमन दास ने उसके पिता से विवाह किया था। उस समय खुरांशु की उम्र महज आठ वर्ष थी। परिवार के लोगों के अनुसार वह कभी भी अपनी सौतेली मां को पूरी तरह स्वीकार नहीं कर पाया और अक्सर उनके साथ विवाद करता था।

Exit mobile version