छत्तीसगढ़

रायपुर में साइबर फ्रॉड का बड़ा मामला, ऑनलाइन गेम के जरिए आईटी प्रोफेशनल को लगाया चूना

Raipur: Cyber ​​fraud case: IT professional duped through online game

रायपुर। राजधानी में आनलाइन गेम में निवेश कर रकम दोगुनी करने का लालच देकर 20 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर टिकरापारा थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार देवपुरी स्थित हर्ष टावर निवासी फारूक शेख आइटी मार्केटिंग का काम करते हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि अप्रैल 2025 में फेसबुक के माध्यम से उनकी पहचान खुद को अनाया चोपरा बताने वाली युवती से हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे वाट्सएप और टेलीग्राम तक पहुंची। इस दौरान युवती ने उन्हें टीकेटी ड्रीमविन नामक आनलाइन गेम में निवेश करने पर रकम दोगुनी होने का दावा किया।

एक साल तक फंसाकर कराते रहे निवेश

पीड़ित ने बताया कि आठ मई 2025 से मार्च 2026 तक आरोपित लगातार उन्हें अधिक लाभ, टैक्स क्लियरेंस और आइएनआर कंवर्जन जैसे बहाने बनाकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराते रहे। शुरुआत में छोटे निवेश से शुरू हुआ सिलसिला धीरे-धीरे लाखों रुपये तक पहुंच गया। शिकायत के अनुसार आरोपित द्वारा उपलब्ध कराए गए विभिन्न बैंक खातों और यूपीआइ आइडी में पीड़ित ने करीब 20 लाख रुपये ट्रांसफर किए। कई बार लेनदेन की सीमा पूरी होने पर उन्होंने अपने मित्रों और रिश्तेदारों के खातों से भी रकम जमा कराई।

पैसे वापस मांगने पर बंद कर दिए सभी संपर्क

फारूक शेख ने बताया कि जब उन्हें किसी प्रकार का लाभ नहीं मिला और उन्होंने अपनी जमा राशि वापस मांगनी शुरू की तो आरोपित ने अचानक अपने सभी मोबाइल नंबर, वाट्सएप और टेलीग्राम अकाउंट बंद कर दिए। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर थाना और पुलिस अधिकारियों से शिकायत की।

कई राज्यों के खातों में गई रकम

एफआइआर में दर्ज विवरण के अनुसार आरोपितों ने दिल्ली, नोएडा, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित विभिन्न राज्यों के बैंक खातों और यूपीआइ आइडी में रकम जमा करवाई। जांच में इन खातों के वास्तविक संचालकों और धनराशि के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
कैसे बचें ऑनलाइन गेमिंग और निवेश ठगी से

इंटरनेट मीडिया पर बने अनजान लोगों की निवेश संबंधी सलाह पर भरोसा न करें।
रकम दोगुनी, गारंटीड प्राफिट या 100 प्रतिशत रिटर्न जैसे दावों से सतर्क रहें।
किसी भी आनलाइन गेम, ट्रेडिंग प्लेटफार्म या निवेश एप में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधता की जांच करें।
केवल परिचित और अधिकृत वित्तीय संस्थानों के माध्यम से ही निवेश करें।
बार-बार अलग-अलग बैंक खातों या यूपीआइ आइडी में रकम जमा कराने की मांग होने पर तुरंत सतर्क हो जाएं।
निवेश के नाम पर टैक्स, कंवर्जन फीस, प्रोसेसिंग चार्ज या अकाउंट अनलाक शुल्क मांगने वाले प्लेटफार्म अक्सर फर्जी होते हैं।
किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने बैंक खाते, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button