रायपुर में पैसों की बारिश का झांसा, BJP पार्षद से लाखों की ठगी

Raipur: BJP councillor duped of lakhs by the promise of money

रायपुर में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश कराने और 100 गुना करने का झांसा दिया गया। फिर ठक्कर बापा वार्ड के बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। कथित तांत्रिकों ने अनुष्ठान कर नकली नोटों से भरा झोला थमा दिया। असली पैसों को लेकर भाग गए।

पीड़ित पार्षद रुस्तम कुर्रे की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी राहुल भारती और मयंक दास को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों भिलाई के रहने वाले हैं। उनके पास से एक अपाचे बाइक, एक मोबाइल और 3.5 लाख रुपए जब्त किया गया है। घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की है।

इससे पहले, बिलासपुर में एक शख्स ने 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा दिया था। कथित तांत्रिक ने बिल्हा के सबंलपुरी में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान का वीडियो बनाया। जिसमें पैसों की गड्डी के सामने नारियल, अगरबत्ती रखकर पूजा की। फिर अचानक ऊपर से पैसों की बारिश होने लगी थी।

दरअसल, गुढ़ियारी निवासी रुस्तम कुर्रे की मुलाकात एक साल पहले भिलाई के सुपेला में राहुल भारती से हुई थी। राहुल ने काम की तलाश में उनसे संपर्क बढ़ाया और लगातार फोन करता रहा। 4 फरवरी 2026 से राहुल ने उन्हें यह कहकर झांसे में लिया कि तांत्रिक मयंक दास उसके संपर्क में है, जो तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना कर सकता है।

रुस्तम कुर्रे ने बताया कि, 6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राहुल भारती अपने साथी मयंक दास के साथ उसके कार्यालय मंगल बाजार गुढ़ियारी पहुंचा। वहां पूजा-पाठ की तैयारी कराई गई। पूजा के दौरान मयंक दास ने कैश मांगा। उन्होंने 500 रुपए के 7 बंडलों में कुल 3 लाख 50 हजार रुपए दिए।

इसके बाद तांत्रिक मयंक ने पार्षद को बाहर बैठने को कहा और रात करीब 10:30 बजे तक पूजा करता रहा। इसके बाद दोनों आरोपियों ने श्मशान की मिट्टी लेने जा रहे कहकर नोटों से भरा थैला थमाया और बाइक से भाग गए।

काफी देर बाद भी नहीं लौटने पर जब थैला खोला तो उसमें असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल निकले। जब राहुल के मोबाइल पर कॉल किया गया तो फोन बंद मिला। पीड़ित ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

बीजेपी पार्षद की शिकायत के 4 घंटे बाद पुलिस ने 2 संदेहियों को पकड़ लिया था। पुलिस ने आरोपी राहुल भारती निवासी सुपेला भिलाई और मयंक दास निवासी रिसाली भिलाई को गिरफ्तार कर लिया है। पूरे 3.5 लाख रुपए भी बरामद कर लिए गए हैं।

Exit mobile version