रायपुर में रेत माफियाओं पर कार्रवाई, खनन स्थल पर पहुंची टीम

Raipur: Action taken against sand mafia, team reaches mining site

रायपुर । रायपुर में अवैध रेत उत्खनन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की गई है। गोबरानवापारा क्षेत्र में खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पोकलेन मशीनों को जब्त कर सीलबंद कर दिया।

खनिज विभाग के उप संचालक राजेश मालवे ने बताया कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर विभागीय टीम लगातार गश्त और जांच कर रही है। जांच के दौरान गोबरानवापारा तहसील के नवागांव, जौंदा, जौंदी और डगनिया गांवों में बिना अनुमति के रेत का अवैध भंडारण पाया गया।

अवैध भंडारण पर विभाग ने की जब्ती

जांच में अनिल कुमार साहू, गोविंद साहू, ईश्वर पटेल, प्रताप सेन, त्रिलोकी साहू, अजय साहू और मनीष ठाकुर ने महानदी से रेत लाकर अवैध भंडारण करना सामने आया। खनिज विभाग ने छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत अवैध रेत जब्त कर संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया है।

स्वीकृत क्षेत्र के बाहर हो रहा था उत्खनन

खनिज अमले की जांच में ग्राम लखना रेत खदान में स्वीकृत क्षेत्र से बाहर और पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन कर दो चेन माउंटेड पोकलेन मशीनों से अवैध उत्खनन किया जाना पाया गया। कार्रवाई करते हुए दोनों मशीनों को मौके पर ही सीलबंद किया गया और उत्खनन कार्य तत्काल बंद कराया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को अवैध खनन पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version