रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा
रीवा जिले के जवा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत अतरैला में नल-जल योजना के तहत एनसीसी कंपनी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में लापरवाही और अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़कों को जगह-जगह खोद दिया गया है, लेकिन काम के दौरान न तो सुरक्षा के इंतजाम किए गए और न ही शासन की गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर खोदे गए गड्ढों को खुला छोड़ दिया गया है, जिससे आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। सोमवार को इसी लापरवाही के कारण अतरैला में करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। भारी वाहन सड़क पर फंस गए और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि काम पूरी तरह नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लापरवाही जारी रही तो किसी दिन बड़ी दुर्घटना भी हो सकती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कराई जाए और जिम्मेदार कंपनी व अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, साथ ही कार्य को नियमानुसार और सुरक्षित तरीके से कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
