सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र की मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा) श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस को इंडियन स्टील एसोसिएशन द्वारा 17 एवं 18 नवंबर 2026 को नई दिल्ली में आयोजित 7वें आईएसए स्टील कॉन्क्लेव-2026 में प्रतिष्ठित जेंडर डायवर्सिटी अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह पुरस्कार इस्पात उद्योग में समावेशिता को बढ़ावा देने तथा महिलाओं की भागीदारी और नेतृत्व को प्रोत्साहित करने की दिशा में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
इस अवसर पर माननीय केंद्रीय भारी उद्योग राज्य मंत्री श्री भूपतिराजू श्रीनिवास वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सेल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. अशोक कुमार पंडा भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
“स्टील: फोर्जिंग द फाउंडेशन ऑफ विकसित भारत 2047” विषय पर आयोजित इस दो दिवसीय कॉन्क्लेव में केंद्र एवं राज्य सरकारों के प्रतिनिधियों, उद्योग जगत के अग्रणी व्यक्तित्वों, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञों तथा विभिन्न हितधारकों ने सहभागिता की। कॉन्क्लेव में भारतीय इस्पात उद्योग के भविष्य से जुड़े अवसरों एवं चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया। कार्यक्रम के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित इस्पात, कार्बन उत्सर्जन में कमी, कच्चे माल की सतत उपलब्धता, आधारभूत संरचना तथा इस्पात क्षेत्र में विकास की उभरती संभावनाओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई।
श्रीमती पुष्पा एम्ब्रोस को प्राप्त यह सम्मान इस्पात उद्योग में समावेशी कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने के प्रति उनके व्यावसायिक योगदान एवं प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। उनकी यह उपलब्धि भिलाई इस्पात संयंत्र के लिए गौरव का विषय है तथा इस्पात उद्योग में महिला पेशेवरों की बढ़ती भूमिका और नेतृत्व क्षमता को भी प्रतिबिंबित करती है।
