कीड़े लगे गेहूं-आटे से बन रही थी पूड़ी, शासकीय प्राथमिक पाठशाला भिटौहा में लापरवाही उजागर

Puri was being made from insect-infested wheat flour, negligence exposed at Government Primary School Bhitouha

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा जिले के संचार निर्माण समिति जवा के अध्यक्ष एवं जनपद पंचायत जवा के सदस्य प्रवल पाण्डेय (वार्ड क्रमांक-18 अतरैला, कशियारी, भिटौहा, रमगढ़वा) ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर स्थानीय अभिभावकों की शिकायत पर ग्राम पंचायत भिटौहा के सरपंच राजकुमार सोनी की उपस्थिति में शासकीय प्राथमिक पाठशाला भिटौहा एवं आंगनवाड़ी केंद्र भिटौहा का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान मध्यान्ह भोजन में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्री की जांच की गई, जिसमें कीड़े लगे घुने गेहूं तथा कीड़े युक्त सड़ा हुआ आटा पाया गया। इसी आटे से बच्चों के लिए पूड़ियां बनाए जाने की तैयारी चल रही थी। इस गंभीर लापरवाही पर प्रवल पाण्डेय ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने शंकर स्व-सहायता समूह भिटौहा की अध्यक्ष शांति देवी एवं सचिव निर्मला कुशवाहा को सख्त समझाइश देते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सड़ा-कीड़े युक्त आटा बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है और इससे नौनिहालों की तबीयत बिगड़ सकती है।

निरीक्षण के दौरान सरपंच, सचिव एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक की उपस्थिति में पंचनामा तैयार कर ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा शौचालय में रखी गई खाद्यान्न सामग्री को सील कर दिया गया। साथ ही शंकर स्व-सहायता समूह के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

प्रवल पाण्डेय ने कहा कि मध्यान्ह भोजन के नाम पर समूहों द्वारा किए जा रहे कथित भ्रष्टाचार की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। समय रहते जानकारी मिलने से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जांच कराकर शंकर स्व-सहायता समूह को मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम से हटाया जाए।

Exit mobile version