जिला संवाददाता मुंगेली
माखनसिंह
लोकेशन लोरमी
मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुंगेली एकदिवसीय प्रवास के दौरान जिले को 353 करोड़ 58 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी गई। मुंगेली के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में 414 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। सरकार की ओर से इसे सुशासन और विकास को मजबूत करने वाला ऐतिहासिक कार्यक्रम बताया गया।
छत्तीसगढ़ गढ़
सरकार की ओर से बताया गया कि 151 करोड़ 2 लाख रुपये से अधिक के 284 कार्यों का लोकार्पण तथा 201 करोड़ 56 लाख रुपये से अधिक के 130 कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया गया। इसके अलावा लवलीहुड कॉलेज पहुंच मार्ग, अनुसुचित जनजाति छात्रावास की 50 सीट से बढ़ाकर 150 सीट क्षमता वाले भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त 50 लाख रुपये तथा रानी वीरांगना की प्रतिमा स्थापना के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा भी की गई।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान एक अलग तस्वीर भी देखने को मिली। मंच से विकास कार्यों और सुशासन की उपलब्धियां गिनाई जा रही थीं, लेकिन मैदान में कई कुर्सियां खाली नजर आईं। कार्यक्रम स्थल से सामने आए वीडियो में कुछ लोग बीच कार्यक्रम से उठकर जाते दिखाई दिए। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा तेज हो गई है कि करोड़ों की घोषणाओं के बावजूद आम जनता में अपेक्षित उत्साह दिखाई नहीं दिया।
विपक्ष और स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल घोषणाओं से जनता संतुष्ट नहीं होती, बल्कि जमीन पर योजनाओं का असर दिखना भी जरूरी है। वहीं भाजपा नेताओं ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि मुंगेली जिले के विकास के लिए यह बड़ी उपलब्धि है और आने वाले समय में इन योजनाओं का लाभ जनता को मिलेगा।
मुंगेली में दिखी जनता की यह प्रतिक्रिया आने वाले समय में राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखी जा रही है। स्थानीय राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जनता अब केवल घोषणाओं नहीं, बल्कि वास्तविक काम और सुविधाओं के आधार पर सरकारों का मूल्यांकन कर रही है।
