देवीचरण ठाकुर गरियाबंद
गरियाबंद। गांधी मैदान गरियाबंद से लगे गौरवपथ क्षेत्र में प्रस्तावित व्यावसायिक परिसर के निर्माण को लेकर विरोध तेज हो गया है। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने बिना भूमि आवंटन और आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृतियों के निर्माण किए जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है।
जानकारी के अनुसार नगर पालिका गरियाबंद द्वारा भूतेश्वरनाथ मंदिर मार्ग स्थित क्षेत्र में कॉम्प्लेक्स निर्माण का कार्य किया जा रहा है। विरोध करने वालों का कहना है कि व्यावसायिक परिसर निर्माण के लिए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी नहीं की गई है।
अनुमति और स्वीकृति पर उठे सवाल
स्थानीय स्तर पर यह मुद्दा उठाया गया है कि निर्माण कार्य के लिए न तो नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग छत्तीसगढ़ से स्पष्ट अनुमति ली गई है और न ही टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग छत्तीसगढ़ से स्वीकृति प्राप्त की गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ रेरा से भी पंजीयन और अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं बताई जा रही है।
स्थानीय और जनपद स्तर पर आपत्ति
बताया जा रहा है कि स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ जनपद पंचायत गरियाबंद स्तर पर भी इस निर्माण को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई है। लोगों का कहना है कि ऐतिहासिक और सार्वजनिक महत्व वाले मैदान के समीप व्यावसायिक परिसर बनने से मैदान का स्वरूप प्रभावित होगा और भविष्य में खेलकूद व सार्वजनिक आयोजनों के लिए स्थान कम हो जाएगा।
तत्काल रोक की मांग
विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य तत्काल रोकने और सभी स्वीकृतियों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि नियमानुसार अनुमति नहीं ली गई है तो निर्माण कार्य जारी रखना जनहित के विरुद्ध होगा।
इस पूरे मामले को लेकर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर अब नगरवासियों की नजर टिकी हुई है।
