खरीदी केंद्रों के ऑपरेटरों का धरना

Protest by procurement center operators

लोकेश्वर सिन्हा गरियाबंद

 

गरियाबंद… गरियाबंद में आज एक ही दिन दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिलीं। एक ओर भाजपा का दीपावली मिलन समारोह खुशियों के माहौल में आयोजित हुआ, जिसमें खाद्य मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी सहित भाजपा के तमाम नेता शामिल हुए। वहीं दूसरी ओर धान खरीदी केंद्रों के 97 कंप्यूटर ऑपरेटर अपने ही विभाग के आदेश के विरोध में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करते नजर आए।

एक तरफ दीपावली की खुशियां, तो दूसरी तरफ अल्प वेतन में काम कर रहे कर्मचारियों की परेशानियां। दरअसल, सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त ने 9 अक्टूबर को आदेश जारी कर जिले के 97 कंप्यूटर ऑपरेटरों को उनकी मूल संस्था से हटाकर अन्य केंद्रों में पदस्थ कर दिया है। इसी आदेश के विरोध में आज सभी ऑपरेटर गांधी मैदान में एकत्र हुए और परिवार की महिलाओं व बच्चों के साथ रैली निकालते हुए तिरंगा चौक पहुंचे, जहां नेशनल हाईवे पर चक्काजाम कर जमकर नारेबाजी की। प्रशासन की मशक्कत के बाद स्थिति सामान्य हुई।

कर्मचारियों का आरोप है कि यह आदेश सहकारिता नियमों के विपरीत और अव्यावहारिक है। अल्प वेतन में काम करने वाले ऑपरेटरों पर दूरस्थ केंद्रों में जाने से अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, वहीं महिला कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। इससे पहले ऑपरेटरों ने कलेक्टर के समक्ष अपनी मांग रखी थी, लेकिन समाधान नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया। वहीं आज प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल से मुलाकात कर पदस्थापना आदेश को शिथिल करने की मांग करते हुए ज्ञापन भी सौंपा। अब देखना होगा कि धान खरीदी शुरू होने से पहले कर्मचारियों की इस नाराजगी पर शासन-प्रशासन क्या निर्णय लेता है।

 

Exit mobile version