छत्तीसगढ़

फैक्ट्री हादसे के बाद उत्पादन ठप, परिजनों को 30 लाख सहायता

Production halted after factory accident; ₹30 lakh assistance for the family.

रायपुर। रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र के पास ग्राम बेन्द्री में स्थित मेसर्स 3-डी इनोवेशन कारखाने में हुए भीषण हादसे के बाद प्रशासन ने त्वरित और सख्त कार्रवाई की है। कारखाने में उत्पादन से जुड़ी समस्त गतिविधियों को आगामी आदेश तक पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है। वहीं, विभाग की मध्यस्थता के बाद कंपनी प्रबंधन प्रत्येक मृतक श्रमिक के आश्रितों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा देने पर सहमत हो गया है।

यह दर्दनाक हादसा कारखाने के फेरो एलॉयज डिवीजन में हुआ, जहां फर्नेस में लांसिंग कार्य के दौरान अचानक ऑक्सीजन सिलिंडर में जोरदार विस्फोट हो गया। इस धमाके की चपेट में आने से वहां कार्यरत तीन श्रमिकों अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मौके पर ही दुःखद मृत्यु हो गई।

कारखाने की सभी गतिविधियां तत्काल प्रभाव से बंद

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने घटनास्थल से साक्ष्य, फोटोग्राफ और वीडियोग्राफ जुटाए। प्रारंभिक जांच के बाद श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए, व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 के तहत कारखाने के सभी विनिर्माण कार्यों पर तुरंत रोक लगा दी गई।

प्रतिबंध की अवधि में भी मिलेगा श्रमिकों को वेतन

विभाग ने कारखाना प्रबंधन को कड़े निर्देश दिए हैं कि काम बंद रहने की इस अवधि के दौरान भी वहां नियोजित सभी श्रमिकों को उनका नियमानुसार देय वेतन और भत्ते समय पर मिलते रहने चाहिए। फिलहाल, विभाग द्वारा हादसे के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है, जिसके आधार पर प्रबंधन के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button