छत्तीसगढ़

फुटपाथ दुकानदारों का डेटा जुटाने की तैयारी शुरू

Preparations begin to collect data on street vendors

रायपुर। रायपुर में सड़क किनारे मेटाडोर और गाड़ियों में सामान बेचने वालों का अब सत्यापन होगा। महापौर मीनल चौबे ने शहर में घूम-घूमकर कारोबार करने वाले दुकानदारों के सत्यापन और पंजीयन के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम के टाउन प्लानिंग विभाग को कहा गया है कि राजधानी में अभियान चलाकर ऐसे सभी कारोबारियों का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जाए। इसमें दुकानदार का नाम, स्थायी पता, पहचान पत्र और रायपुर में रहने की जानकारी दर्ज की जाएगी।

महापौर ने साफ कहा है कि बिना वैध पहचान पत्र और निगम रिकॉर्ड के कारोबार करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। निगम की टीम वार्ड और जोन स्तर पर सर्वे करेगी।

नगर निगम के मुताबिक आधार कार्ड, वोटर आईडी या पैन कार्ड जैसे दस्तावेजों की जांच की जाएगी। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि दुकानदार किस जगह पर कारोबार कर रहा है।

“स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए”

महापौर मीनल चौबे ने कहा कि शहर की सुरक्षा और स्थानीय व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। उनका कहना है कि मेहनत कर कारोबार करने वाले स्थानीय लोगों से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन बिना पहचान के कारोबार करने वालों की जांच जरूरी है।

ट्रैफिक जाम पर भी फोकस

नगर निगम ने यह भी कहा है कि सड़क किनारे लगने वाले ठेलों और गाड़ियों की वजह से कई जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में सत्यापन अभियान के साथ यातायात व्यवस्था सुधारने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

महापौर ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी निगम प्रशासन को दें।

Related Articles

Back to top button