सड़क का गड्ढा बना मौत का जाल: केक लेने निकला युवक नहीं लौटा घर

Pothole on the road becomes a death trap: Young man who went out to buy a cake did not return home

रीवा मप्र रिपोर्टर सुभाष मिश्रा 

रीवा। तराई अंचल अतरैला में निर्माण कार्य कर रही कंपनियों की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। ग्राम पंचायत जोन्हा निवासी युवक नीरज वर्मा की सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब नीरज अपने घर से जन्मदिन का केक लेने निकला था।

मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में NCC कंपनी और BSNL कंपनी द्वारा सड़क किनारे गड्ढे खोदकर उन्हें बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुले में छोड़ दिया गया है। अंधेरे और बिना चेतावनी संकेत के इन गड्ढों ने हादसे को न्योता दिया। नीरज का संतुलन बिगड़ने से वह गड्ढे में गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई।

स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जवा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों में भारी आक्रोश

घटना के बाद ग्रामीणों में कंपनियों और प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों ने कोई कार्रवाई नहीं की।

मृतक का पोस्टमार्टम आज कराया जाएगा, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

 बड़ा सवाल ..?

आखिर कब तक विकास कार्यों के नाम पर इस तरह की लापरवाही लोगों की जान लेती रहेगी? क्या जिम्मेदार कंपनियों और अधिकारियों पर कोई सख्त कार्रवाई होगी, या फिर यह मामला भी अन्य घटनाओं की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?

Exit mobile version