रीवा ।…..रीवा के अमहिया में बुलडोजर का विरोध, तीन पीढ़ियों से रह रहे लोगों ने प्रशासन को रोका। रोड चौड़ीकरण की कार्रवाई में कूदे सिमरिया विधायक अभय मिश्रा। अपनी ही पार्टी के महापौर अजय मिश्रा बाबा को घेरा। भारी विरोध के चलते नगर निगम को पीछे खींचने पड़े कदम।
वी ओ…..रीवा के अमहिया रोड चौड़ीकरण का मामला अब सियासी अखाड़े में तब्दील हो गया है। आज जब नगर निगम का दस्ता लाव-लश्कर के साथ अतिक्रमण हटाने पहुँचा, तो उसे स्थानीय लोगों के जबरदस्त आक्रोश का सामना करना पड़ा। निवासी इस बात से नाराज हैं कि वे यहाँ तीन पीढ़ियों से पट्टे की जमीन पर रह रहे हैं, लेकिन प्रशासन उन्हें अचानक अतिक्रमणकारी बताकर उजाड़ने पर आमादा है।
कार्रवाई के दौरान मौके पर पहुँचे सेमरिया से कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने इस पूरे मामले में अपनी ही पार्टी के महापौर अजय मिश्रा बाबा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अभय मिश्रा ने सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें इस बात का गहरा दुख है कि शहर में कांग्रेस का महापौर होने के बावजूद वे गरीबों का साथ देने सड़क पर नहीं उतरे। उन्होंने महापौर की अनुपस्थिति को जनता के साथ विश्वासघात करार दिया।
हालांकि, प्रशासन की मुनादी के बाद कुछ लोगों ने डर के चलते स्वतः अतिक्रमण हटा लिया था, लेकिन पट्टे की जमीन का दावा करने वाले परिवारों के डटे रहने और विधायक के हस्तक्षेप के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। भारी विरोध और सियासी दबाव को देखते हुए फिलहाल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टाल दी गई है।
