
रायपुर। रायपुर ग्रामीण पुलिस ने रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर स्थित ढाबों, होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान सड़क सुरक्षा, पार्किंग व्यवस्था और अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर संचालकों को जरूरी निर्देश दिए गए।
एसपी ग्रामीण स्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देश पर धरसीवा थाना और सिलतरा चौकी पुलिस की टीमों ने हाईवे किनारे संचालित प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था से जुड़े सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने ढाबों और होटलों में लगाई गई तेज रोशनी वाली हाई इंटेंसिटी लाइट्स को लेकर निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि ऐसी चकाचौंध पैदा करने वाली लाइटें हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकती हैं, इसलिए इन्हें बंद रखा जाए।
पुलिस ने संचालकों और वाहन चालकों को चेतावनी दी कि भारी वाहनों और ट्रकों को राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अनियंत्रित तरीके से खड़ा न किया जाए। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा करने और पार्किंग के दौरान पार्किंग लाइट चालू रखने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क हादसों की आशंका कम हो सके।
अभियान के दौरान पुलिस ने साफ किया कि बिना वैधानिक अनुमति के किसी भी ढाबे या होटल में शराब की बिक्री या सेवन कराना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आबकारी अधिनियम और अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने ढाबा और होटल संचालकों से कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध कारोबार या कानून-व्यवस्था से जुड़ी जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या डायल-112 को दें।
पुलिस का कहना है कि हाईवे पर सड़क सुरक्षा मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम और यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।



