छत्तीसगढ़

लाखों के दांव पर पुलिस का वार, 10 जुआरी पकड़े गए

Police raid on bets worth lakhs, 10 gamblers arrested

कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बोड़ला थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए 10 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कवर्धा के खैरबनाखुर्द गांव में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में कुछ लोग खुले स्थान पर पैसे लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में टीम गठित की गई और मौके पर दबिश दी गई।

घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआरियों के कब्जे से 21,260 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 52 पत्तियों की ताश की गड्डी बरामद की है। जब्त की गई कुल सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 92,260 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी जुआ, सट्टा या अन्य अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके और अपराध पर नियंत्रण पाया जा सके। पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button