छत्तीसगढ़

पुलिस की दबिश: होटल की छत पर चल रहे हुक्का बार का भंडाफोड़, मैनेजर हिरासत में

Police raid: Hotel rooftop hookah bar busted, manager detained

बिलासपुर। चकरभाठा क्षेत्र के होटल शिवा इन की छत पर अवैध रूप से हुक्का बार चलाया जा रहा था। इसकी सूचना पर चकरभाठा पुलिस की टीम ने दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही मैनेजर ने चिलम और तंबाकू को फ्रीज में छुपा दिया था। पुलिस ने हुक्का पॉट, चिलम और फ्लेवर वाले तंबाकू को जब्त कर मैनेजर को हिरासत में लिया है। आरोपित के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

सीएसपी निमितेष सिंह ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह ने होटल, बार में अवैध रूप से हुक्का संचालन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस पर पुलिस की टीम अलग-अलग क्षेत्रों में हुक्का बार संचालन करने वालों की जानकारी जुटा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चकरभाठा क्षेत्र के होटल शिवा इन की छत पर हुक्का बार का संचालन किया जा रहा है। अधिकारियों ने चकरभाठा पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अधिकारियों के निर्देश पर रविवार की रात पुलिस की टीम ने होटल में दबिश दी। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही होटल स्टाफ ने हुक्का पीने वालों को भगा दिया। वहीं, वे हुक्का पॉट को छुपाने लगे। पुलिस ने जब होटल के किचन में तलाशी ली तो वहां पर भारी मात्रा में फ्लेवर वाले तंबाकू और हुक्का-चिलम मिले। पुलिस ने इसे जब्त कर होटल के मैनेजर सिद्धार्थ गुप्ता (39) को पकड़ लिया। आरोपित के खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

Related Articles

Back to top button