छत्तीसगढ़

आजादी के जश्न से पहले पुलिस अलर्ट, चेकिंग में 3 हथियारबंद आरोपी गिरफ्तार

Police on alert ahead of Independence Day celebrations; three armed suspects arrested during checks.

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए रायपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नॉर्थ जोन पुलिस ने 10 और 11 अगस्त को विशेष अभियान चलाकर करीब 300 निगरानी बदमाशों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध लोगों की जांच की। इनमें से करीब 130 लोगों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वाले 100 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। वहीं हथियार लेकर घूम रहे 3 लोगों को पकड़ा गया। 8 बदमाशों और संदिग्धों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया।

6 स्थायी वारंटी समेत 19 वारंट तामील

अभियान के दौरान पुलिस ने लंबे समय से फरार 6 स्थायी वारंटियों को पकड़ा। इसके अलावा 10 गिरफ्तारी वारंट और 3 जमानती वारंट भी तामील किए गए। पुलिस के अनुसार कुल 19 वारंट पर कार्रवाई की गई।

सार्वजनिक जगह शराब पीते मिले 100 लोग

गुढ़ियारी, खमतराई और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वालों की जांच की गई। इस दौरान 100 लोगों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई हुई।

खमतराई और पंडरी क्षेत्र में धारदार हथियार लेकर घूम रहे 3 लोगों को भी पकड़ा गया। इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा 8 गुंडा-निगरानी बदमाशों और संदिग्ध लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।

चोरी के मामले में नाबालिग और कबाड़ी पकड़ा

उरला थाने में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान उरला के कबाड़ी को बेचने की जानकारी दीइसके बाद पुलिस ने कबाड़ी मुकेश दास को भी पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

रात में अड्डेबाजी और शराब पीकर ड्राइविंग पर भी नजर

पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।

नॉर्थ जोन पुलिस ने बताया कि देर रात बेवजह घूमने वाले, अड्डेबाजी करने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वाले, हुल्लड़ करने वाले और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर नजर रखी जा रही है।

नॉर्थ जोन की डीसीपी दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में खमतराई, उरला, गुढ़ियारी, पंडरी और खम्हारडीह थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग की।

पुलिस के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस तक इस तरह की चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button