रायपुर। रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) पोस्ट सेटलमेंट रायपुर और सीआईबी डिटेक्टिव विंग रायपुर की संयुक्त टीम ने 17 सितंबर को आरपी (यूपी) एक्ट के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसफार्मर कॉपर क्वाइल चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
रेसुब पोस्ट सेटलमेंट में 7 सितंबर को दर्ज अपराध क्रमांक 01/2024 धारा 3(अ) रेल संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामले की जांच के दौरान, निरीक्षक अजय शर्मा के निर्देशन में टीम ने टाटीबंध, रायपुर के मुर्गी फार्म खंडहर के पास गुप्त निगरानी रखी। निगरानी के दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया, जो एक वाहन (सीजी 04 एनआर 2679 मारुति सुजुकी एस-प्रेसो) के पास वजनी बोरियां ले जा रहे थे।
पकड़े गए दो आरोपियों की पहचान वीरभद्र वैष्णव (35 वर्ष) और धर्मेन्द्र सिंह उर्फ बिक्का (36 वर्ष) के रूप में हुई। उन्होंने तीसरे व्यक्ति ओमन ध्रुव उर्फ रावण (32 वर्ष) का नाम भी उजागर किया, जो घटनास्थल से फरार हो गया। तीनों बोरियों में जला हुआ कॉपर क्वाइल (करीब 45 किलो) बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 3/4 सितंबर की रात को रायपुर लोको कॉलोनी के पास एक ट्रांसफार्मर से 90 किलो कॉपर क्वाइल चोरी की थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और उनके खिलाफ धारा 3(अ) के तहत मामला दर्ज किया गया। बरामद संपत्ति की अनुमानित कीमत 14,790.15 रुपये है।
फरार आरोपी ओमन ध्रुव और रिसीवर रवि कुमार शाह की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। दोनों आरोपियों को रेलवे न्यायालय में पेश किया गया, जहां उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने और शेष चोरी की संपत्ति बरामद करने का दावा कर रही है।
