ट्रक से लाखों की गांजा तस्करी करते एमपी के दो आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

धमतरी। जिले में पुलिस द्वारा अवैध नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है, इसी कड़ी में बोराई चेक पोस्ट में चेकिंग के दौरान पुलिस ने ट्रक से लाखों की गांजा की तस्करी करते एमपी के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से जब्त 80 किलो गांजे की कीमत 16 लाख रुपए बताई जा रही है। 

दरअसल, धमतरी एसपी प्रशान्त ठाकुर के निर्देशन में पुलिस टीम जांच कार्यवाही कर रही थी, तभी ओडिशा की तरफ से आते एक ट्रक को थाना बोराई के सामने बैरियर नाका के पास संदेह के आधार पर रोका गया। चेक करने पर दो व्यक्ति बैठे मिले। पूछताछ में गतिविधि संदिग्ध लगी। ट्रक की तलाशी लेने पर चार अलग-अलग बोरियों में 80 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 16 लाख रुपए है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक और 2 मोबाइल भी जब्त किए गए हैं।

गांजा समेत जब्त सामानों की कीमत 34 लाख 4 हजार 500 रुपए है। पकड़े गए आरोपियों में चन्द्रभान सिंह और यशंवत साहू दोनों मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। इस मामले में पुलिस ने दोनों को नारकोटिक्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Exit mobile version