पार्किंग में चोरी की घटनाएं बढ़ीं, पेट्रोल और ऑटो पार्ट्स चोरों का निशाना

Parking lot thefts on the rise, with petrol and auto parts thieves the target.

रायपुर। राजधानी रायपुर की मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ी गाड़ियां इन दिनों चोरों के निशाने पर हैं। रविवार देर रात अज्ञात गिरोह पार्किंग में खड़ी गाड़ियों से पेट्रोल निकालने के साथ कीमती पार्ट्स भी चोरी कर रहा है, जिसका CCTV फुटेज भी सामने आया है।

पार्किंग संचालक और वाहन स्वामियों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग के आधार पर जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस और पार्किंग प्रबंधन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि देर रात कुछ युवक बाइक और स्कूटी से पार्किंग के भीतर प्रवेश करते हैं। सुरक्षा गार्डों की नजर से बचकर आरोपी उन जगहों पर पहुंचते हैं, जहां रोशनी कम रहती है।

वीडियो में युवक बड़ी चालाकी से दोपहिया वाहनों की पेट्रोल पाइप निकालकर बोतलों में पेट्रोल भरते नजर आ रहे हैं। कुछ ही मिनटों में वाहन की टंकी खाली कर दी जाती है।

वाहन मालिकों का कहना है कि चोर सिर्फ पेट्रोल तक सीमित नहीं हैं। गाड़ियों के साइड मिरर, क्लच लीवर समेत अन्य छोटे लेकिन महंगे स्पेयर पार्ट्स भी निकाल लिए जा रहे हैं। सुबह जब लोग ड्यूटी या काम के लिए वाहन लेने पहुंचते हैं तो गाड़ी स्टार्ट नहीं होती, तब चोरी का पता चलता है।

राजधानी के वीआईपी इलाके में स्थित इस सरकारी पार्किंग में सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बाद भी चोर बेखौफ वारदात कर रहे हैं। रात के समय किसी भी अनजान व्यक्ति का पार्किंग में प्रवेश कर जाना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

पीड़ित वाहन मालिकों ने पुलिस तथा पार्किंग प्रबंधन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवकों की पहचान करने में जुटी हुई है।

Exit mobile version