
रायपुर। राजधानी में पिछले नौ महीने में 1558 सड़क हादसों में 1085 लोग घायल हुए लेकिन पीएम राहत योजना का लाभ सिर्फ 124 घायलों को मिला। यानी हादसों में घायल हुए लोगों का बड़ा हिस्सा योजना के लाभ से बाहर रह गया। इसी अवधि में 461 लोगों की मौत भी हुई।
योजना में सड़क हादसे के पीड़ित को सात दिन तक 1.50 लाख रुपये तक कैशलेस इलाज का प्रविधान है। इसके बावजूद शहर के 200 से ज्यादा निजी अस्पतालों में करीब 20 ही योजना से जुड़े हैं। सवाल यह है कि हादसे के बाद घायल को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने क्या पहले ऐसा अस्पताल ढूंढना पड़ेगा, जहां योजना लागू हो।



