छत्तीसगढ़

राज्य खेल सम्मान हेतु ऑनलाइन आवेदन शुरू

Online applications for State Sports Awards have commenced.

रायपुर। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने साल 2025-26 के लिए राज्य खेल अलंकरण, मुख्यमंत्री ट्रॉफी, कैश पुरस्कार, प्रेरणा निधि और खेलवृत्ति (डाइट मनी) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र खिलाड़ी, प्रशिक्षक और निर्णायक 5 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे।

राज्य खेल अलंकरण के तहत सीनियर खिलाड़ियों को शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, जूनियर खिलाड़ियों को शहीद कौशल यादव पुरस्कार, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, उत्कृष्ट खिलाड़ियों को शहीद पंकज विक्रम सम्मान और खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 55 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोगों को शहीद विनोद चौबे सम्मान दिया जाएगा।

राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाली सीनियर और जूनियर टीमों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।

पुरस्कार राशि कितनी मिलेगी

शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार के लिए 3 लाख रुपए, शहीद कौशल यादव और वीर हनुमान सिंह पुरस्कार के लिए 1.50-1.50 लाख रुपए, जबकि शहीद पंकज विक्रम और शहीद विनोद चौबे सम्मान के लिए 25-25 हजार रुपए दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ट्रॉफी के तहत टीम के आकार के अनुसार 1 लाख से 5 लाख रुपए तक की पुरस्कार राशि मिलेगी। विजेताओं को मानपत्र, अलंकरण फलक, ब्लेजर और टाई भी प्रदान किए जाएंगे।

कौन पात्र है और आवेदन कैसे करें

1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग के खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं। खेलवृत्ति के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले या राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले, अधिकतम 19 वर्ष आयु के खिलाड़ी पात्र होंगे।

आवेदन पत्र जिला खेल कार्यालय, राज्य खेल संघों और विभाग से प्राप्त किए जा सकते हैं। जिन खिलाड़ियों की खेल संघ से अनुशंसा नहीं हुई है, वे भी अपनी उपलब्धियों के आधार पर 5 अगस्त 2026 तक व्यक्तिगत आवेदन संचालनालय या जिला खेल कार्यालय में जमा कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button